home page

बेटे ने मां पर चाकू से हमला कर पांचवीं मंजिल से कूदकर दी जान

 | 
बेटे ने मां पर चाकू से हमला कर पांचवीं मंजिल से कूदकर दी जान


नोएडा, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना बिसरख क्षेत्र अंतर्गत राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में कहासुनी के बाद एक युवक ने पहले अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया और फिर पांचवीं मंजिल से नीचे कूद गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि सागर यादव (21) पुत्र अनिल यादव मूलरूप से गांव पतवाड़ी का निवासी था और वर्तमान में अपने परिवार के साथ राधा स्काई गार्डन सोसाइटी के टावर-1 के फ्लैट नंबर 1804 में रहता था। आज किसी बात को लेकर उसकी अपनी मां से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान सागर ने अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उन्हें मामूली चोट आ गई।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि सागर मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं था। घटना के दौरान वह अपने फ्लैट से निकलकर नीचे आया और पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की मां का भी प्राथमिक उपचार कराया गया है। घटना के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी