जमीन बेचने के विवाद में बेटे ने की थी पिता की हत्या, गिरफ्तार
मनेन्द्रगढ़, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के मनेन्द्रगढ़ में जमीन बेचने के विवाद को लेकर बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में आरोपित बेटे को गिरफ्तार कर शनिवार की देर शाम काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से रविवार काे मिली जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर को मनेन्द्रगढ़ के लालपुर क्षेत्र में ऋषि कुमार सूर्यवंशी अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। प्रारंभिक जांच में उनके शरीर पर चोट के निशान मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया और गवाहों के बयान दर्ज कर साक्ष्यों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि 7 अक्टूबर को मृतक के बेटे रवि कुमार सूर्यवंशी ने जमीन बेचने के लिए अपने पिता पर दबाव बनाया था। इसी विवाद के दौरान आरोपित ने कथित तौर पर पानी के पाइप से अपने पिता के साथ मारपीट की थी। मारपीट के कारण मृतक के शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिसके चलते उनकी मौत हो गई।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपित रवि कुमार सूर्यवंशी (27 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 06, लालपुर, मनेन्द्रगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने कार्रवाई उपरांत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

