home page

छुट्टी पर आए फौजी ने पत्नी की गोली मारकर कर दी हत्या, पति हिरासत में

 | 
छुट्टी पर आए फौजी ने पत्नी की गोली मारकर कर दी हत्या, पति हिरासत में


मुरैना, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह थाना क्षेत्र के खजूरी रोड इलाके में बुधवार देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। छुट्टी पर घर आए एक फौजी पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है।

घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मामले में पति, सास और ससुर के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सोनू सिकरवार लगभग 10 दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर आया था। बुधवार देर रात घर के भीतर अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक उसकी पत्नी रानी सिकरवार के सिर में गोली लग चुकी थी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अंबाह थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

हत्या के कारणों का नहीं हुआ खुलासा

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। जांच टीम पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव (डिप्रेशन), आपसी रिश्तों में तनाव अथवा अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का भी परीक्षण कराया जाएगा।

तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पति सोनू सिकरवार, सास और ससुर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

2018 में हुई थी शादी, 6 साल की बेटी हुई बेसहारा

मृतका के पिता ने बताया कि रानी की शादी वर्ष 2018 में सोनू सिकरवार से हुई थी। दंपति की 6 वर्ष की एक बेटी है, जो अब अपनी मां के साए से वंचित हो गई है। इस दर्दनाक घटना से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा