home page

पीटीआई भर्ती परीक्षा मामला: आठ लाख लेकर डमी अभ्यर्थी बनने वाला पच्चीस हजार का इनामी सूचना सहायक गिरफ्तार

 | 
पीटीआई भर्ती परीक्षा मामला: आठ लाख लेकर डमी अभ्यर्थी बनने वाला पच्चीस हजार का इनामी सूचना सहायक गिरफ्तार


जयपुर, 16 जून (हि.स.)। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने शारीरिक शिक्षा अध्यापक (पीटीआई) भर्ती परीक्षा-2022 में हुए नकल और फर्जीवाड़े के मामले में कार्रवाई करते हुए 25 हजार के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पवन कुमार (29) निवासी धोरीमन्ना जिला बालोतरा है, जो वर्तमान में बाड़मेर के मुद्रा पंजीयन विभाग के उप महानिरीक्षक कार्यालय में सूचना सहायक के पद पर कार्यरत है।

एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि पीटीआई भर्ती परीक्षा-2022 में नकल प्रकरण को लेकर वर्ष 2024 में एसओजी थाने में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि 25 सितंबर को दो पारियों में आयोजित भर्ती परीक्षा में आरोपी पवन कुमार ने दलाल भभूताराम के माध्यम से 8 लाख की राशि लेकर मूल अभ्यर्थी मुकेश सारण की जगह डमी कैंडिडेट के रूप में परीक्षा दी थी। एसओजी की जांच में यह भी सामने आया कि डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा देने के कारण मूल अभ्यर्थी मुकेश सारण का चयन हो गया और उसने पीटीआई पद पर सरकारी नौकरी भी हासिल कर ली। मामले का खुलासा होने के बाद एसओजी ने जांच तेज की और आरोपी पवन कुमार फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

एसओजी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर आरोपी को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 26 जून 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। एसओजी उससे भर्ती परीक्षा में शामिल अन्य लोगों, दलालों और संभावित नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।जांच एजेंसी को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ में भर्ती परीक्षा से जुड़े अन्य फर्जीवाड़ों और आरोपियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। गौरतलब है कि इस भर्ती घोटाले में एसओजी अब तक मूल अभ्यर्थी मुकेश सारण सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश