रंगदारी मामले के आरोपित ने पुलिस पर किया हमला, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
वलसाड़, 22 नवंबर (हि.स.)। गुजरात के वलसाड जिले के वापी में पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में रविवार को पुलिस और आरोपित के बीच झड़प हो गई। डीएनए जांच कराकर लौटते समय पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहे आरोपित ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान वलसाड एसओजी के पुलिस निरीक्षक (पीआई) दिनेश परमार ने आत्मरक्षा में सर्विस रिवॉल्वर से गोली चलाई, जो आरोपित के पैर में लगी। घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वापी में अभिषेक ज्वेलर्स के संचालक से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और उनके छोटे बेटे ललित पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में वलसाड पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था। इस मामले में दुबई की जेल में बंद कथित गैंगस्टर हैरी के इशारे पर पंजाब के आरोपियों द्वारा हमला किए जाने की बात सामने आई थी।
जांच के सिलसिले में आज एसओजी की टीम आरोपियों का डीएनए टेस्ट कराकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी जुगराज सिंह ने अचानक पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। भागने की कोशिश में उसने एसओजी पीआई दिनेश परमार को कोहनी मारी और अपने हाथ में बंधी हथकड़ी से पुलिस वाहन के ड्राइवर पर हमला कर दिया। इस हमले में पीआई परमार और पुलिस ड्राइवर दोनों घायल हो गए।
स्थिति को बिगड़ता देख और आरोपी को भागने से रोकने के लिए एसओजी पीआई दिनेश परमार ने आत्मरक्षा में अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली चलाई, जो आरोपी जुगराज सिंह के पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत काबू में कर लिया।
घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए पहले वापी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से आगे के इलाज के लिए उसे वलसाड सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, घायल हुए दोनों पुलिसकर्मियों का भी उपचार कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर और अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस पर हमला करने का नया मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

