सोशल मीडिया पर झांसे में आकर नाबालिग हनुमानगढ़ पहुंचा : पुलिस ने पांच सौ किलोमीटर पीछा कर किया दस्तयाब
जोधपुर, 30 मार्च (हि.स.)। निकटवर्ती बोरानाडा में एक नाबालिग 27 मार्च की दोपहर में लापता हो गया। परिवार ने दिनभर उसकी तलाश की, मगर वह नहीं मिला। रात को परिवार ने उसकी गुमशुदगी बोरानाडा थाने में दी। हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और सीसीटीवी फुटेजों को खंगालने के साथ उसकी लोकेशन का पता लगाया। पांच सौ किलोमीटर दूर हनुमानगढ़ जंक्शन के पास से उसे दस्तयाब किया जा सका। बाद पता लगा कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से किसी लडक़ी के जाल में फंसा था और उसने बुलाया था। पुलिस ने आशंका जताई कि वह किसी बड़े गिरोह या जाल में भी फंस सकता था, मगर उससे पहले ही उसे दस्तयाब कर लिया गया।
प्रशिक्षु आरपीएस एवं बोरानाडा थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र में रहने वाला 16 साल का नाबालिग अपने घर से 27 मार्च की दोपहर में निकला था, वह वापिस घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग रात नौ बजे थाने पर पहुंचे और उसके अपहरण की आशंका में गुमशुदगी दी।
पुलिस आयुक्त शरत कविराज, डीसीपी वेस्ट कमल शेखावत, एसीपी बोरानाडा आनंदसिंह राजपुरोहित दिशा निर्देश पर पुलिस की टीम थानाधिकारी एवं प्रशिक्षु देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित की गई। इसमें एएसआई मनोहरलाल, हैडकांस्टेबल ललित खत्री, कांस्टेबल ओमप्रकाश ने आस पास लगे सीसीटीवी फुटेजों को खंगालना शुरू किया।
प्रशिक्षु आरपीएस एवं थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि नाबालिग की लोकेशन राजयासर मिली। जहां बाद में कांटेक्ट किया गया। राजयासर से सूरतगढ़ तक चलने वाली निजी बसों के चालकों एवं परिचालकों से संपर्क साधा गया। आखिरकार एक निजी बस में सवार नाबालिग को हनुमानगढ़ जंक्शन के पास से पुलिस टीम ने दस्तयाब कर लिया। उसे जोधपुर लाकर परिवार को सौंपा गया। पुलिस ने तकरीबन 5 सौ किलोमीटर तक उसकी लोकेशन का पता लगाती रही और आखिरकार उसे ढूंढ निकाला।
प्रशिक्षु आरपीएस एवं थानाधिकारी देेवेंद्र सिंह ने बताया कि नाबालिग इंस्टाग्राम पर किसी लडक़ी से चैट करता था। इसका पता लगाया तो मालूम हुआ कि वह फर्जी नंबर से चैट चल रही थी, जोकि किसी गिरोह का भी हो सकता था। उसे बुलाकर किसी अनैतिक या गलत गतिविधियों में भी डाला जा सकता था। उसे बंधुआ मजदूर भी बनाया जा सकता था। गनीमत रही कि वह वहां तक पहुंचता उससे पहले ही पुलिस ने दस्तयाब कर लिया। नाबालिग के भाई ने मोबाइल पर चैट देखी तब इसका खुलासा हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

