home page

सोशल मीडिया पर दोस्ती, जन्मदिन की पार्टी के बहाने दुष्कर्म; शादी का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये ठगने का आरोप

 | 
सोशल मीडिया पर दोस्ती, जन्मदिन की पार्टी के बहाने दुष्कर्म; शादी का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये ठगने का आरोप


कोलकाता, 04 अगस्त (हि. स.)। दक्षिण कोलकाता के जादवपुर इलाके में एक युवती से दुष्कर्म और उससे डेढ़ लाख रुपये ठगने के आरोप में पूर्व जादवपुर थाने की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान अनुभव भट्टाचार्य के रूप में हुई है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपित के गिरफ्तारी की पुष्टि की।

पुलिस के अनुसार, युवती और आरोपित की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और उन्होंने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर साझा कर लिए। इसके बाद दोनों की कई बार मुलाकात भी हुई।

शिकायत के मुताबिक, आरोपित के अच्छे व्यवहार के कारण युवती को उस पर भरोसा हो गया। इसी दौरान युवक ने उसे अपने जन्मदिन की पार्टी में आमंत्रित किया। युवती जब बताए गए पते पर पहुंची तो वहां कोई और मौजूद नहीं था। आरोप है कि फ्लैट में अकेले पाकर आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

युवती का आरोप है कि घटना के बाद आरोपित ने उससे शादी करने का वादा किया। इसी भरोसे में उसने दोबारा भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपित ने व्यवसाय शुरू करने के नाम पर युवती से 1.50 लाख रुपये भी ले लिए।

पीड़िता का आरोप है कि रुपये मिलने के बाद आरोपित उससे दूरी बनाने लगा और बाद में उसने पूरी तरह संपर्क बंद कर दिया।

युवती ने पूर्व जादवपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जांच शुरू करते हुए पुलिस ने सोमवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय