सुरेंद्रनगर से विवादित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कीर्ति पटेल गिरफ्तार
सुरेंद्रनगर/सूरत, 30 जुलाई (हि.स.)। गुजरात की सूरत पुलिस ने विवादित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कीर्ति पटेल को गुरुवार को सुरेंद्रनगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह कार्रवाई सूरत के पुणा पुलिस थाने में दर्ज एक पुराने मामले में की। गिरफ्तारी के बाद कीर्ति पटेल को पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए सूरत लाया गया है।
पुलिस के अनुसार कीर्ति पटेल को सुरेंद्रनगर के रतनपर स्थित अवधेश्वर टाउनशिप स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई भावनगर के व्यापारी एवं महिला सरपंच के पति राजू भम्मर द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत में कीर्ति पटेल तथा भावनगर की निलंबित महिला कॉन्स्टेबल नयना बारैया पर सोशल मीडिया के माध्यम से परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने, धमकी देने तथा अन्य गंभीर आरोप लगाए गए थे। इस संबंध में पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
उल्लेखनीय है कि मामला दर्ज होने के बाद कीर्ति पटेल ने पुणा पुलिस थाने के बाहर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसमें उन्होंने शिकायतकर्ता को खुली चुनौती दी थी। यह वीडियो व्यापक रूप से वायरल हुआ था। पुलिस मामले में कीर्ति पटेल से पूछताछ कर रही है। मामले की जांच जारी है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

