बाराबंकी में मोबाइल स्नेचिंग का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार
बाराबंकी, 03 अगस्त (हि.स.)। बाराबंकी पुलिस ने मोबाइल स्नेचिंग की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपितों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और थाना जहांगीराबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नितेश सिंह, प्रिंस यादव और कृष्णा के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने एक अगस्त को थाना जहांगीराबाद क्षेत्र में देवा रोड स्थित शराब ठेके के पास एक व्यक्ति से मोबाइल फोन छीना था। पीड़ित की तहरीर पर इस संबंध में थाना जहांगीराबाद में पहले से मुकदमा दर्ज था।
एडिशनल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया संयुक्त टीम ने घटना का खुलासा करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर ली गई, गिरफ्तार आरोपित प्रिंस यादव के विरुद्ध पूर्व से एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है, जबकि अन्य दोनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

