home page

जांजगीर-चांपा में झपटमार गिरोह का भंडाफोड़,दो नाबालिग सहित पांच लोग गिरफ्तार

 | 
जांजगीर-चांपा में झपटमार गिरोह का भंडाफोड़,दो नाबालिग सहित पांच लोग गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 5 जून (हि. स.)। जांजगीर-चांपा पुलिस ने झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से झपटमारी में लूटे गए पांच मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और नकद 1900 रुपये बरामद किए हैं। सीसीटीवी फुटेज और साइबर तकनीक की मदद से पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोहरियामुड़ा निवासी विरेंद्र कुमार 28 मई 2026 को फसल कटाई के काम से नैला आए हुए थे। रात करीब 11 बजे वह अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बलौदा थाना क्षेत्र के पहरिया के आगे तालाब के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक रोक ली और बैग में रखे तीन मोबाइल फोन तथा 40 हजार रुपये नकद झपटकर फरार हो गए। आरोपितों का पीछा करने के दौरान पीड़ित और उसका साथी बाइक से गिर गए, जिससे उन्हें हल्की चोटें भी आईं।

घटना की शिकायत मिलने पर थाना बलौदा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा साइबर तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों की पहचान की।

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर आरोपितों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपितों ने झपटमारी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद सभी आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में औराईखुर्द दर्राभाठा निवासी बलवेदव सूर्या, करमंदी बड़े पारा निवासी पंकज यादव, कोरबा जिले के कचौरा निवासी लखन कंवर और राकेश यादव तथा नवापारा निवासी दुर्गेश सिंह शामिल हैं। मामले में दो नाबालिगों की भी संलिप्तता सामने आई है, जिनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से झपटमारी में लूटे गए पांच मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और 1900 रुपये नकद जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए वे बिना नंबर प्लेट लगी पल्सर और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर रहे थे।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि जिले में झपटमारी, लूट और संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT