किशनपुर में 516.12 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल भी जब्त
सुपौल, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। किशनपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 516.12 ग्राम स्मैक बरामद किया है। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पांच अगस्त को किशनपुर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल के माध्यम से मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने सूचना का सत्यापन करते हुए संदिग्ध वाहन को रोककर विधिसम्मत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों के पास से कुल 516.12 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया तथा बरामद मादक पदार्थ, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अभिषेक कुमार (22 वर्ष), पिता- सत्यदेव यादव तथा संजीत कुमार (19 वर्ष), पिता- चंद्र यादव, दोनों निवासी सिंघियावान वार्ड संख्या-2, थाना किशनपुर, जिला सुपौल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क तथा अन्य संभावित संलिप्त लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है। इस संबंध में किशनपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

