धमतरी पुलिस ने 18.626 किलो गांजा के साथ तीन आरोपितों को दबोचा
धमतरी, 12 जून (हि.स.)। धमतरी पुलिस की सतर्क चेकिंग में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का बड़ा राजफाश हुआ है। सिहावा पुलिस ने परिवार बनकर यात्रा कर रहे दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चों के साथ सफर कर रहे तस्करों को पकड़कर उनके कब्जे से 18 किलो 626 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा, एक अमेज कार और तीन मोबाइल फोन सहित लगभग 14 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
मामले में गिरफ्तार एक आरोपित अस्पताल परिसर से पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने आरोपित के भागने के बाद पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की और 24 घंटे के भीतर 12 जून को उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया।।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिहावा पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा के बोलनगिर और भवानीपटना क्षेत्र से गांजा लेकर एक सफेद रंग की कार महाराष्ट्र की ओर जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवार, 10 जून को ग्राम सांकरा फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन की डिक्की में भूरे रंग के सेलो टेप से पैक 18 पैकेटों में कुल 18.626 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा खरीदकर महाराष्ट्र में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने प्रवीण रविन्द्र दुबे (34 वर्ष), सोनू प्रवीण खैरकार (29 वर्ष) और पलाश गजभिए (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर थाना सिहावा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
चिकित्सीय परीक्षण के लिए नगरी अस्पताल ले जाने के दौरान पलाश गजभिए हथकड़ी ढीली कर अस्पताल परिसर से फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही जिलेभर में हाई अलर्ट जारी कर नाकाबंदी की गई और विशेष टीमों को तलाश में लगाया गया। लगातार खोजबीन के बाद पुलिस ने फरार आरोपित को पुनः गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है, जबकि अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
धमतरी पुलिस ने आज बताया कि पिछले छह सप्ताह के भीतर गांजा तस्करी के विरुद्ध सात बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया गया है। इनमें सांकरा चेक पोस्ट पर 127.090 किलो गांजा और 72.71 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त करना, डस्टर वाहन से 54.970 किलो गांजा और 33.53 लाख रुपये की संपत्ति जब्त करना, वाहन की डिक्की में छिपाकर ले जाए जा रहे 37.800 किलो गांजा और 18.90 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद करना, कपड़े बेचने की आड़ में संचालित नेटवर्क से 131 किलो गांजा और 69.61 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त करना तथा दिल्ली निवासी तस्कर से 7.724 किलो गांजा और 4.35 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद करना शामिल है। इसके अलावा 7 जून को थाना मेचका पुलिस ने ओडिशा से गुजरात ले जाए जा रहे 44.480 किलो गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर 28.46 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की थी।
वहीं थाना अर्जुनी पुलिस ने जिले की पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 490.818 किलो गांजा, एक स्विफ्ट कार, एक पिकअप वाहन और मोबाइल फोन सहित लगभग 2.60 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर चार आरोपितों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और धमतरी पुलिस ने भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रखने की बात कही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

