home page

चरस और ड्रोनाबिनोल के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार

 | 
चरस और ड्रोनाबिनोल के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार


कानपुर, 31 मार्च (हि.स.)। थाना चकेरी पुलिस और स्वॉट टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से करीब एक किलो चरस और 101.7 ग्राम टेट्राहाइड्रोकैनाबिनोल (ड्रोनाबिनोल) बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त अपराध श्रवण कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि बीते कुछ समय से यह सूचना मिल रही थी कि लाल बंगला इलाके में नशे का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है, जिसके तहत अभियान चला कर गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर कालीबाड़ी लाल बंगला निवासी अंकित सिंह चौहान उर्फ अंकित तुत्तल को दबोचा लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

इस कार्रवाई का नेतृत्व अपर पुलिस उपायुक्त सुमित सुधाकर रामटेके ने किया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में मादक पदार्थ निषेध अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत करीब 17 मुकदमे दर्ज हैं और वह कई बार जेल जा चुका है।

वहीं इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम से सम्मानित करने की घोषणा की गई है, जिससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ थाना चकेरी में मादक पदार्थ निषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप