home page

कार की डिक्की में छिपाकर ले जा रहा था 89 किलो डोडाचूरा, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार

 | 
कार की डिक्की में छिपाकर ले जा रहा था 89 किलो डोडाचूरा, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार


मंदसौर, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार से 89 किलो 300 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी के आरोप में पंजाब निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडाचूरा और कार की कुल कीमत करीब 7 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।

मामला अफजलपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को 11 नवंबर को सूचना मिली थी कि एक कार में डोडाचूरा भरकर सीतामऊ के रास्ते पंजाब ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दलौदा-बिलात्री रोड पर हाईस्कूल के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद वहां पहुंची ग्रे रंग की महिंद्रा एक्सयूवी 500 को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की में रखे सात प्लास्टिक कट्टों से 89 किलो 300 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने कार चला रहे हरविंदर सिंह (35), निवासी जग्गा, थाना पायल, जिला लुधियाना (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने डोडाचूरा वाटरवास निवासी जीवन से लाना बताया। पुलिस ने जीवन को भी प्रकरण में आरोपी बनाया है और उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा एक्सयूवी 500 और डोडाचूरा जब्त कर लिया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये तथा कार की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। अफजलपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और पंजाब में इसे किसे पहुंचाया जाना था।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया