स्मैक, विदेशी शराब और अवैध हथियार के साथ 6 तस्कर व अपराधी गिरफ्तार
कटिहार, 08 जून (हि.स.)। जिले में अपराध और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए कटिहार पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मनिहारी, कुर्सेला और बरारी क्षेत्रों में छापेमारी और सघन वाहन जांच अभियान चलाकर 107 लीटर विदेशी शराब, 5.36 ग्राम स्मैक और एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया है।
मनिहारी थानाध्यक्ष को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने हवर मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक पुलिस को देखकर तेजी से भागने लगे। पुलिस बल ने उन्हें खदेड़ कर पकड़ लिया। जब उनकी विधिवत तलाशी ली गई तो उनके पास से 5.36 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अन्य मामले में, कुर्सेला पुलिस ने कटारिया पुलिस पिकेट की ओर आ रहे एक टोटो (ई-रिक्शा) को रुकवा कर जांच की। टोटो पर सवार दो व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगे, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया। टोटो की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 107 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
7 जून की रात बरारी थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि ग्राम जन्मघुट्टी स्थित एक नाश्ते की दुकान में दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर सो रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान पर छापेमारी की। भागने का प्रयास कर रहे दोनों व्यक्तियों को पकड़ा गया और तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने सभी मामलों में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में संतोष कुमार (24 वर्ष) और मनीष यादव (28 वर्ष), दोनों निवासी मिर्जापुर, थाना मनिहारी, प्रिंस कुमार (20 वर्ष) और मनोज कुमार दास (31 वर्ष), दोनों सहायक खजांची थाना क्षेत्र, जिला पूर्णिया के निवासी तथा मो. हाशिम अंसारी (36 वर्ष) और हाकीम अंसारी (24 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम जन्मघुट्टी, थाना बरारी जिला कटिहार शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

