सिरसा: लाखों की हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 30 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने जिले के गांव गुसाईआना क्षेत्र से एक युवक को लाखों रुपये हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव गुसाईआना क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुडक़र भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ नाथूसरी चोपटा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ कर हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दंगा कर रहे चार आरोपी पकड़े, नौ जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने सिरसा शहर क्षेत्र से दंगा करने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नौ जिंदा कारतूस तथा घटनास्थल से दो खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। सिविल लाइन थाना प्रभारी बलराज सिंह ने गुरुवार काे बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हुडा सेक्टर-19 स्थित एक करियाणा स्टोर के पास कुछ युवक एकत्र होकर झगड़ा कर रहे हैं तथा अवैध हथियारों के इस्तेमाल की आशंका है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो वहां एक स्कॉर्पियो गाड़ी खड़ी मिली, जिसमें चार युवक बैठे थे। शक के आधार पर तलाशी लेने पर गाड़ी से नौ जिंदा कारतूस व दो खाली कारतूस बरामद हुए। जांच के दौरान फायरिंग के निशान मिले और मौके से दो खाली कारतूस बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी सुनील कुमार, अंकुश, हर्षदीप सिंह व अर्श के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी बकरियांवाली निवासी एक युवक से पुरानी रंजिश चल रही थी। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों सहित 15-20 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ सार्वजनिक जगह पर अवैध हथियारों के साथ दंगा करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

