41 किलो डोडा छिलका सहित एक तस्कर गिरफ्तार
जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। जयपुर ग्रामीण जिले की दूदू थाना पुलिस ने डीएसटी टीम की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 41 किलो 100 ग्राम डोडा छिलका जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार भी जब्त की है। फिलहाल आरोपी तस्कर से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि पड़ासोली में डीएसटी टीम से सूचना मिली कि अजमेर से जयपुर की ओर आ रही सफेद स्विफ्ट कार में अवैध मादक पदार्थ रखा हुआ है। सूचना पर पुलिस ने एनएच-48 पर दांतरी कट के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रुकवा कर तलाशी ली गई। कार की डिग्गी में रखे काले रंग के दो कट्टों से 41 किलो 100 ग्राम डोडा छिलका बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कार चालक मुकेश कुमार मीणा (20) निवासी इंदिरा कॉलोनी जोबनेर को गिरफ्तार किया । वहीं तस्करी में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डोडा छिलका निंबाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) निवासी सुनील चौधरी से खरीदकर लाया था। इसे जोबनेर निवासी संजय को देना था। पुलिस मामले में मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

