2.55 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
जयपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। जयपुर कमिश्नरेट में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे 'मिशन जागृति' अभियान के तहत मुहाना थाना पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को 2.550 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ने बताया कि जिला विशेष टीम दक्षिण (डीएसटी) और मुहाना थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति गांजे की खेप सप्लाई करने अचरा वाला गांव आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर घेराबंदी की और मांगीलाल सांसी (37)
निवासी डिग्गी (टोंक) हाल सांगानेर सदर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपित की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2.550 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त कर ली गई।
पुलिस आरोपित से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और जयपुर में किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।
इस कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) ललित शर्मा (आरपीएस) के सुपरविजन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (मानसरोवर) हेमेंद्र शर्मा के निकट पर्यवेक्षण में की गई। अभियान का नेतृत्व जिला विशेष टीम प्रभारी विशम्भर और मुहाना थानाधिकारी गुरु भूपेन्द्र सिंह ने किया। कार्रवाई में डीएसटी, साइबर सेल और मुहाना थाना पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

