1.250 किलोग्राम गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
कानपुर, 13 मार्च (हि.स.)। चकेरी थाना पुलिस ने शुक्रवार को मादक पदार्थ की अवैध तस्करी करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक स्कूटी और उसमे रखी एक किलो 250 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि कई दिनों से इलाके में एक युवक स्कूटी की डिग्गी में गांजा रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नरेंद्र ग्राउंड के पास चेकिंग लगाकर स्कूटी सवार को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसकी स्कूटी की डिग्गी से एक किलो 250 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है।
पूछताछ के दौरान आरोपित की पहचान लाल बंगला निवासी अंशु गुप्ता के रूप में हुई। उसने बताया कि वह उन्नाव के विभिन्न इलाकों से दो से चार किलो गांजा खरीदकर लाता है। उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में बेचता है, जिससे उसे चार गुना तक मुनाफा होता था।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस रिकार्ड में आरोपित के खिलाफ वर्ष 2024 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

