home page

स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर अभियान: गोराडीह में 15 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, टोटो जब्त

 | 
स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर अभियान: गोराडीह में 15 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, टोटो जब्त


भागलपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)।

जिले में युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए भागलपुर पुलिस द्वारा विशेष महाअभियान स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर चलाया जा रहा है।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत पुलिस लगातार हॉट स्पॉट पर छापेमारी कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने गोराडीह थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में गांजे के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

इस बात की जानकारी डीएसपी (विधि-व्यवस्था) ने रविवार को प्रेस वार्ता के दौरान दी। डीएसपी ने बताया कि गोराडीह पुलिस को एक सटीक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना थी कि कोतवाली की तरफ से भागलपुर की ओर एक सीएनजी टोटो के जरिए अवैध मादक पदार्थ (गांजा) की एक बड़ी खेप ले जाई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भागलपुर के निर्देशन, सिटी एसपी की निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में गोराडीह थानाध्यक्ष के साथ एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली-भागलपुर मुख्य सड़क पर गोराडीह के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान कोतवाली की तरफ से एक टोटो आती हुई दिखाई दी। पुलिस बल को सामने देखकर टोटो चालक गाड़ी घुमाकर विपरीत दिशा में भागने लगा। मुस्तैद पुलिस टीम ने सशस्त्र बलों के सहयोग से पीछा कर उसे चारों तरफ से घेर लिया और दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी पवन दास की और टोटो की जब विधिवत तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। टोटो से कुल 15.01 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने गांजे की खेप और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सीएनजी टोटो को तुरंत जब्त कर लिया। पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य सिंडिकेट और मुख्य सरगना का पता लगाया जा सके। आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में शामिल पुलिस अधिकारी और जवान की डीएसपी ने सराहना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर