home page

तेंदुए की खाल के साथ तस्कर गिरफ्तार

 | 
तेंदुए की खाल के साथ तस्कर गिरफ्तार


सिलीगुड़ी, 05 अप्रैल (हि. स.)। वन विभाग ने अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। दीपक रसाइली के नेतृत्व में सुकना रेंज की टीम ने शनिवार देर रात माटीगाड़ा मोड़ बस स्टैंड के पास एशियन हाईवे-10 पर अभियान चला कर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से तेंदुए की खाल बरामद की गई।

प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि यह खाल नेपाल तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। दार्जिलिंग वन्यजीव प्रभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुकना रेंज के रेंजर दीपक रसाइली ने रविवार को बताया कि आरोपित के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे कर्सियांग अदालत में पेश किया जाएगा। आगे की जांच के लिए आरोपित तस्कर के नाम को गोपनीय रखा गया है।

सिलीगुड़ी कॉरिडोर के जरिए नेपाल और भूटान में वन्यजीव तस्करी की कोशिश पहले भी सामने आती रही है। ऐसे में चुनावी माहौल के बीच वन विभाग की यह कार्रवाई बेहद अहम मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार