किशनगंज में 40 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप के साथ तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज, 11 जुलाई (हि.स.)। किशनगंज पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नेपालगढ़ कॉलोनी स्थित एक किराये के मकान पर छापेमारी कर 40 लीटर प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुप्त सूचना मिली थी कि नेपालगढ़ कॉलोनी में किराये के मकान में अवैध कोडीनयुक्त कफ सिरप का भंडारण कर उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में एएनटीएफ, जिला आसूचना इकाई और किशनगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
टीम ने निर्धारित स्थान पर छापेमारी कर दिलखुश कुमार यादव, पिता बिरेंद्र प्रसाद यादव, मूल निवासी दुर्गापुर, थाना रौटा, जिला पूर्णिया, को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 100-100 मिलीलीटर की 400 बोतल, कुल 40 लीटर कोडीन फॉस्फेट एवं ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड सिरप बरामद किया गया। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल (बीआर-37 एएफ-4983) भी जब्त की गई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पश्चिम बंगाल से प्रतिबंधित कफ सिरप लाकर किशनगंज में किराये के मकान में रखता था और यहां से उसकी बिक्री करता था।
पुलिस अब इस धंधे से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति की भी पहचान कर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में किशनगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। किशनगंज पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध कारोबार की सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन 9031816150 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचनादाता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और नशा-मुक्त किशनगंज के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

