home page

इंदौर में 11 लाख की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, मंदसौर से लाकर शहर में बेचता था

 | 
इंदौर में 11 लाख की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, मंदसौर से लाकर शहर में बेचता था


इंदौर, 10 जुलाई (हि.स.)। नशे के सौदागरों के खिलाफ मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। खजराना थाना पुलिस ने शुक्रवार को घेराबंदी कर मंदसौर के एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 110 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

खजराना थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए इनपुट मिला था कि वाघेला गार्डन के पास बाईपास पर एक संदिग्ध युवक नशा बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी करके आरोपित को दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 110 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। पकड़े गए तस्कर की पहचान 28 वर्षीय रामकिशन उर्फ रामनिवास गिरी के रूप में हुई है, जो मंदसौर जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र के ग्राम काटिया का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी केवल 8वीं कक्षा तक पढ़ा है और मूल रूप से खेती-किसानी करता है।

पूछताछ में रामकिशन ने कुबूल किया कि वह खुद भी नशे का आदी है। अपनी इस लत को पूरा करने और शॉर्टकट से मोटी रकम कमाने के लालच में वह तस्कर बन गया। वह मंदसौर के कोटड़ी इलाके से कम दामों में ब्राउन शुगर खरीदता था और उसे इंदौर लाकर ऊंचे दामों पर बेच देता था।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपित से पूछताछ कर रही है ताकि ब्राउन शुगर के सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत