भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 08 अप्रैल (हि.स.)। शहर को नशामुक्त बनाने की दिशा में सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार देर रात दक्षिण दिनाजपुर से ब्राउन शुगर तस्करी करने आए एक शख्स को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान शाहजहां सरकार के रूप में हुई है, जिसके पास से करीब 600 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर एनजेपी थाने की पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने तीनबत्ती मोड़ इलाके में घेराबंदी की। तलाशी के दौरान आरोपित के बैग से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया। इस अभियान में एनजेपी थाने के आईसी रंजन दास भी मौजूद थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित बस से दक्षिण दिनाजपुर से सिलीगुड़ी आया था। वह यह ड्रग्स शहर और आसपास के इलाकों में सप्लाई करने की योजना बना रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

