देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर 7.34 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
देवरिया, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जीआरपी ने रेलवे स्टेशन देवरिया सदर के प्लेटफार्म नंबर एक के पश्चिमी छोर से 7.34 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 76 हजार रुपये बताई है। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम ने बताया कि जीआरपी ने सदर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के पश्चिमी छोर पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 7.34 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार युवक की पहचान गाेरखपुर जिले के लक्ष्मीपुर निवासी अरुण कुमार (32) के रूप में हुई है। पूछताछ में आराेपित गांजे के तस्करी करने की बात बताई। हालांकि, मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

