बहादुरगंज में 66.23 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, 16 लाख की मादक सामग्री बरामद
किशनगंज, 10 जून (हि.स.)। जिले में नवगठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने बहादुरगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 66.23 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 52,520 रुपये नकद, दो डिजिटल तराजू और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
बुधवार की शाम एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ-1 खुसरो सिराज ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बहादुरगंज थाना क्षेत्र के चुड़ीपट्टी अफसाना रोड निवासी शाहनवाज अपने घर में स्मैक का भंडारण कर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। एसडीपीओ-वन खुसरो सिराज के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मंगलवार की रात आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने 66.23 ग्राम स्मैक बरामद किया।
इसके अलावा मादक पदार्थों की तौल और बिक्री में उपयोग किए जाने वाले दो डिजिटल तराजू, 52,520 रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। मौके से शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद नकदी को मादक पदार्थों की बिक्री से अर्जित राशि माना जा रहा है। जब्त मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस अब स्मैक के स्रोत और इसकी सप्लाई चेन की गहन जांच में जुट गई है।
इसके तहत तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, जिससे पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। एसडीपीओ ने बताया कि मामले में बहादुरगंज थाना में कांड दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 8(सी) एवं 21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशा कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

