पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 61 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार
कूचबिहार, 31 अक्टूबर (हि.स)। मादक पदार्थों (नशीले पदार्थों) के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के तहत पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से ठीक पहले एक तस्कर को धर दबोचा है। गिरफ्तार किए गए आरोपित की पहचान सुमन साहा के रूप में हुई है, जो माटीगाड़ा की विश्वास कॉलोनी का रहने वाला है। आरोपित के पास से 61 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की दोपहर माटीगाड़ा बाईपास इलाके में आरोपित किसी को ब्राउन शुगर बेचने की फिराक में मौजूद था। पुलिस को इस बात की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर युवक को घेराबंदी कर हिरासत में लिया और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसके बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपित पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रविवार को आरोपित को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

