डिलीवरी के लिए मालदा से आए तस्कर 604.2 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार
अररिया 15 अगस्त(हि.स.)।
अररिया जिला पुलिस ने गुप्त सूचना पर पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के एक बड़े स्मैक तस्कर को शुक्रवार देर शाम गिरफ्तार किया। आरोपी तस्कर के पास से 604.2 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार व्यक्ति एक ऐसे नेटवर्क से जुड़ा है, जो व्यापक स्तर पर मादक पदार्थों की डिलीवरी का काम करता है।जिला पुलिस नेटवर्क, सप्लाई रूट और संभावित सहयोगियों की जांच तेज कर दी है।
एसपी जितेन्द्र कुमार के अनुसार, सूचना मिली थी कि अररिया थाना क्षेत्र के जीरोमाइल स्थित एकराम बाबू के एचपी पेट्रोल पंप के उत्तर की ओर सड़क पर एक तस्कर किसी व्यक्ति को स्मैक की डिलीवरी देने वाला है।सूचना मिलते ही नगर थाना और डीआईयू की टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान बस से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय मो. इफ्तार शेख के रूप में हुई है।वह पश्चिम बंगाल के मालदा जिला के अंतर्गत वैष्णव नगर थाना क्षेत्र के लखीपुर बोगदर टोला का रहने वाला है।तलाशी के दौरान उसके पास से 604.2 ग्राम स्मैक जैसा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। मामले में अररिया थाना कांड संख्या 425/2026 दर्ज किया गया है।
एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा से संचालित एक ऐसे गिरोह से जुड़ा प्रतीत होता है,जो बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की आपूर्ति करता है।उन्होंने कहा कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह किन-किन जिलों और राज्यों में स्मैक की डिलीवरी करता था। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। छापेमारी में नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक, पुअनि राज नारायण यादव, डीआईयू टीम और गृहरक्षक जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

