तेईस साल बाद दबोचा गया 25 हजार का इनामी तस्कर
उदयपुर, 08 मई (हि.स.)। उदयपुर की गोगुंदा थाना पुलिस ने 23 साल पुराने डोडा चूरा तस्करी मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित जोधाराम (73) साल 2003 से फरार था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए फिल्मी अंदाज में सादे कपड़ों में गांव में डेरा डालकर कार्रवाई की।
थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र के पूनासा गांव निवासी जोधाराम किसी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए गुपचुप तरीके से गांव आया हुआ है। पुलिस को आशंका थी कि यदि टीम वर्दी में पहुंची तो आरोपी फिर फरार हो सकता है। ऐसे में पुलिसकर्मी पशु खरीदार बनकर गांव में पहुंचे और तीन दिन तक गांव में रहकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखते रहे।
पुलिस को जैसे ही पुख्ता जानकारी मिली कि आरोपित अपने घर के भीतर मौजूद है, टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि जोधाराम डोडा चूरा तस्करी के मामले में फरार था। फरारी के समय उसकी उम्र करीब 50 वर्ष थी और अब वह 73 साल का हो चुका है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए वह वर्षों तक गुजरात, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों में मजदूरी करता रहा। वह लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा ताकि उसकी पहचान न हो सके।
यह कार्रवाई उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘सुदर्शन चक्र-2’ अभियान के तहत की गई। पुलिस अब फरारी के दौरान उसे शरण देने वालों की जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

