home page

चोरी की लग्जरी कारों से थी मादक पदार्थ तस्करी की तैयारी, फॉर्च्यूनर से 30 किलो डोडा-पोस्त बरामद

 | 
चोरी की लग्जरी कारों से थी मादक पदार्थ तस्करी की तैयारी, फॉर्च्यूनर से 30 किलो डोडा-पोस्त बरामद


बाड़मेर, 26 सितंबर (हि.स.)। लग्जरी कारों में सवार होकर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ डीएसटी और डीसीआरबी की संयुक्त कार्रवाई में बड़ा खुलासा हुआ है। रामजी का गोल क्षेत्र की भगवती कॉलोनी में दबिश देकर पुलिस ने फॉर्च्यूनर, क्रेटा, स्विफ्ट और टाटा हैरियर समेत चार संदिग्ध लग्जरी वाहन जब्त किए हैं। इनमें से एक फॉर्च्यूनर में पीछे की सीटें हटाकर मादक पदार्थ छिपाने की जगह बनाई गई थी। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के दो कट्टों में 30 किलो डोडा-पोस्त बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।

डीएसटी प्रभारी आईदानराम के अनुसार, डीसीआरबी टीम को सूचना मिली थी कि रामजी का गोल स्थित भगवती कॉलोनी के एक मकान में बिना नंबर की संदिग्ध गाड़ियां खड़ी हैं। इनके चोरी की होने की आशंका थी। सूचना पर डीएसटी और डीसीआरबी की टीम मौके पर पहुंची तो मकान से दो फॉर्च्यूनर और एक क्रेटा बाहर निकलती दिखाई दीं, जबकि एक स्विफ्ट और दूसरी क्रेटा मकान के अंदर खड़ी मिली।

पुलिस ने वाहनों का पीछा शुरू किया। इसी दौरान एक फॉर्च्यूनर और क्रेटा धोरीमन्ना की ओर निकल गईं, जबकि दूसरी फॉर्च्यूनर गांधव की तरफ ले जाई जा रही थी। पुलिस ने पीछा किया तो बेरीगांव के पास फॉर्च्यूनर का टायर फट गया।

चालक गणपतराम पुत्र पप्पूराम निवासी माणकी धोरीमन्ना कार छोड़कर खेतों की ओर भाग गया और फसल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने फॉर्च्यूनर की तलाशी ली तो पीछे की सीटें हटाई हुई मिलीं। सीटों की जगह रखे दो प्लास्टिक के कट्टों से 30 किलो डोडा-पोस्त बरामद हुआ। वाहन पर आगे-पीछे नियमित नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि दोनों तरफ लाल रंग की अस्थायी प्लेट लगी थी, जिन पर पंजीयन के लिए आवेदन करने का उल्लेख था। पुलिस को वाहन के चेसिस और इंजन नंबर भी घिसे हुए मिले।

इसके बाद पुलिस ने भगवती कॉलोनी में प्रकाश पुत्र रामूराम निवासी बाछला सेड़वा के मकान पर दोबारा दबिश दी।

यहां एक क्रेटा और स्विफ्ट मिलीं। पास के खाली प्लॉट में टाटा हैरियर भी खड़ी थी। उसकी पीछे की सीटें भी हटाई हुई थीं तथा चेसिस और इंजन नंबर घिसे हुए पाए गए। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इन वाहनों का इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी में किए जाने की आशंका जताई है। चारों वाहनों को जब्त करने के साथ कई नंबर प्लेटें भी बरामद की गई हैं। एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है। साथ ही वाहनों की चोरी और उन्हें मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल करने वाले नेटवर्क की कड़ियां भी खंगाली जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित