5.40 ग्राम स्मैक और 1.23 लाख नकद रूपये के साथ तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 16 मई (हि.स.)। मनिहारी थाना पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट की है। पुलिस ने नया टोला वार्ड-2 से छापेमारी कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 5.40 ग्राम स्मैक, 1 लाख 23 हजार 570 रुपये नकद, तीन इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक डिब्बा एल्युमिनियम फॉयल बरामद हुआ है।
शनिवार को मनिहारी थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि नया टोला वार्ड-2 में एक युवक अवैध स्मैक की तस्करी कर रहा है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा। पुलिस बल ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम दीपक कुमार, उम्र 22 साल, पिता लालू महतो, निवासी नया टोला वार्ड नं-02, थाना मनिहारी जिला कटिहार बताया।
पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो 5.40 ग्राम स्मैक, 1,23,570 रुपये नकद, स्मैक तौलने वाले तीन इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक डिब्बा एल्युमिनियम फॉयल मिला।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि इलाके में नशे के धंधे में शामिल लोगों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

