home page

जबलपुर : स्मार्ट मीटर भी नहीं रोक पाए बिजली चोर, स्लाटर हाउस में घर-घर छापेमारी

 | 
जबलपुर : स्मार्ट मीटर भी नहीं रोक पाए बिजली चोर, स्लाटर हाउस में घर-घर छापेमारी


जबलपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के पूर्वी क्षेत्र स्थित स्लाटर हाउस इलाके में बिजली चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। बिजली विभाग की टीम ने डॉ. सेन की गली में छापेमारी कर कई घरों में स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी पकड़ी। जांच के दौरान कहीं मीटर में वायर फंसाकर बिजली खपत कम दिखाई जा रही थी तो कहीं मीटर तक पहुंचने वाले आर्मर्ड केबल से ही बिजली चोरी की जा रही थी।

बिजली चोरी की शिकायत मिलने के बाद गुरुवार को विभागीय अमला गली के अंदर पहुंचा और एक-एक कर घरों में लगे बिजली मीटरों की जांच की। जांच के दौरान कई स्थानों पर मीटरों से छेड़छाड़ के साथ बिजली चोरी के मामले सामने आए। अधिकारियों ने मौके पर ही संबंधित मामलों में पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी।

बिजली विभाग के मुताबिक डॉ. सेन की गली में लगे स्मार्ट मीटरों की जांच के दौरान कुछ उपभोक्ताओं द्वारा मीटर में वायर फंसाकर बिजली चोरी किए जाने की पुष्टि हुई। कुछ मीटरों में छेड़छाड़ के निशान भी मिले। इसके अलावा मीटर तक बिजली पहुंचाने वाले आर्मर्ड केबल में भी अनधिकृत तरीके से कनेक्शन लेकर बिजली चोरी किए जाने के मामले सामने आए।

कार्रवाई के दौरान बिजली अमले ने कई मामलों में मौके पर ही आकलन कर तत्काल बिल निकालकर संबंधित उपभोक्ताओं को सौंपे। विभाग ने उपभोक्ताओं को जुर्माना जमा करने के लिए एक माह का समय दिया है।

अधिकारियों के अनुसार निर्धारित अवधि में जुर्माना जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के मामलों को आगे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। बिजली विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक