11.97 ग्राम स्मैक के साथ सप्लायर गिरफ्तार, बाइक जब्त
जोधपुर, 17 सितम्बर (हि.स.)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम एवं इसमें लिप्त आरोपियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लोहावट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक स्मैक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11.97 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की।
पुलिस अधीक्षक फलोदी सतनाम सिंह ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराजसिंह चारण एवं वृताधिकारी लोहावट भवानीसिंह के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी बंशीलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। उप निरीक्षक रामसुख मय टीम ने प्राप्त आसूचना के आधार पर सरहद मोरिया में कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी मोरिया, थाना लोहावट निवासी सलीमदीन उर्फ सलीम खां पुत्र इलमदीन को 11.97 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से स्मैक की खरीद-फरोख्त तथा उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

