यमुनानगर में 113 ग्राम स्मैक सहित सप्लायर काबू, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
यमुनानगर, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध शाखा-1 की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक की आपूर्ति करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए व्यक्ति के कब्जे से 113 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। उप पुलिस अधीक्षक रजत गुलिया ने शुक्रवार काे बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल द्वारा मादक पदार्थ तस्करी जैसे गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए थे। इसी क्रम में अपराध शाखा-1 के प्रभारी उपनिरीक्षक राज कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी।
गठित टीम ने 9 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर औरंगाबाद स्थित रेस्ट एरिया के निकट छापेमारी कर यमुनानगर निवासी शुभम को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 113 ग्राम स्मैक बरामद की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अवैध कारोबार में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब उससे विस्तृत पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

