home page

किराना दुकान की आड़ में स्मैक का कारोबार, तस्कर गिरफ्तार

 | 
किराना दुकान की आड़ में स्मैक का कारोबार, तस्कर गिरफ्तार


भागलपुर, 14 मई (हि.स.)। जिले के मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र के मनसर गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्कर कैलाश यादव को गिरफ्तार किया है।

आरोपी किराना दुकान की आड़ में नशीले पदार्थों का कारोबार चला रहा था। उक्त आशय की जानकारी गुरुवार को सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने दी।

सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के पास से 19.41 ग्राम स्मैक, एक डिजिटल वेट मशीन और नगद 10 हजार 400 रुपये बरामद किए हैं।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सिटी एसपी ने बताया कि मधुसुदनपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मनसर गांव में किराना दुकान की आड़ में स्मैक की बिक्री की जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और मौके से कैलाश यादव को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद डिजिटल वेट मशीन का इस्तेमाल स्मैक की तौल के लिए किया जाता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर