मनसाही पुलिस ने 513.9 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को दबोचा, 45 लाख आंकी गई कीमत
कटिहार, 24 सितंबर (हि.स.)। कटिहार जिले की मनसाही थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 513.9 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त स्मैक का अनुमानित मूल्य लगभग 40 से 45 लाख रुपये आंका गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
मनसाही थानाध्यक्ष को 23 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल सवार दो युवक भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर तस्करी के उद्देश्य से मनसाही इलाके की ओर आ रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने कुरेठा रेलवे स्टेशन के पास मुख्य सड़क पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस बल को देखते ही वाहन घुमाकर भागने लगे। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
पकड़े गए अभियुक्तों की विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से 513.9 ग्राम स्मैक बरामद की गई। गिरफ्तार तस्करों की पहचान मनसाही थाना क्षेत्र के एकौना निवासी 28 वर्षीय नागेश्वर महतो (पिता अनन्त लाल महतो) और कटिहार नगर थाना क्षेत्र के भोड़ाबाड़ी निवासी 32 वर्षीय महेन्द्र कुमार राय (पिता स्व. रामप्रीत राय) के रूप में की गई है।
पुलिस ने दोनों तस्करों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर लिया है और अग्रतर कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

