कटिहार में 40 लाख के स्मैक के साथ अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 20 अगस्त (हि.स.)। जिले की कुर्सेला थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 से 40 लाख रुपये मूल्य के 408 ग्राम स्मैक के साथ एक अंतरजिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्कर के पास से स्मैक के साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, कुर्सेला थानाध्यक्ष को 19 अगस्त की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर समेली शिव मंदिर चौक की ओर आ रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। तत्परता दिखाते हुए पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। विधिवत तलाशी के दौरान उसके पास से 408 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल बरामद किया गया।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिहरपुर निवासी 25 वर्षीय सत्यम कुमार, पिता अरविन्द केसरी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सत्यम कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अलौली थाना, खगड़िया रेल थाना और सदर थाना में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कांड दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

