पुलिस कस्टडी से भागे स्मैक तस्कर को अस्सी किलोमीटर पीछा कर दबोचा
जयपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। राजधानी के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार एक स्मैक तस्कर पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। हालांकि शिवदासपुरा थाना पुलिस ने करीब 80 किलोमीटर तक पीछा कर उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ अब पुलिस कस्टडी से फरार होने का अलग मामला भी दर्ज किया गया है।
शिवदासपुरा थानाधिकारी राजेश गौतम ने बताया कि डीएसटी के हेड कांस्टेबल अभय कुमार को सूचना मिली थी कि एनडीपीएस एक्ट का आरोपित सतसिंह उर्फ सदौल (39) निवासी दूनी जिला टोंक टोंक रोड स्थित बड़खेड़ा टोल प्लाजा के पास पैदल घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपित पुलिस को देखकर एक ट्रक के पीछे छिप गया। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 658 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसे जब्त कर उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित से सोमवार देर रात तक शिवदासपुरा थाने में पूछताछ की गई। मंगलवार तड़के पुलिस जब उसे हवालात में बंद करने ले जा रही थी, तभी उसने एक पुलिस कांस्टेबल को धक्का देकर थाने से फरार हो गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसका पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी आंखों से ओझल हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि फरार आरोपित राहगीरों से लिफ्ट लेकर रेनवाल डिग्गी तक पहुंच गया। पुलिस टीम लगातार उसका पीछा करती रही और करीब 80 किलोमीटर दूर बुधवार सुबह उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पुलिस कस्टडी से फरार होने का एक और मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सतसिंह उर्फ सदौल के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह पहले भी पुलिस कस्टडी से फरार हो चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

