385 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 11 जुलाई (हि.स.)। कटिहार जिले की नगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए शनिवार को दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 385.25 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, नगर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि गाछी टोला स्थित बट-पीपल वृक्ष के पास दो व्यक्तियों द्वारा अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। इस सूचना का त्वरित सत्यापन करते हुए थानाध्यक्ष ने अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचकर छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस टीम को देखते ही दोनों व्यक्ति तेजी से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय गोलू कुमार (पिता स्व. दिलीप कुमार) और 28 वर्षीय नितेश झा उर्फ बिट्टू झा (पिता अशोक झा) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी कटिहार जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेल चौक के निवासी हैं। पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर इनके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई।
नगर थाना पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

