home page

103 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
103 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


कटिहार, 14 जून (हि.स.)। जिले की कुर्सेला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 103 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतर-जिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोशी ब्रिज के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान की गई। गिरफ्तार किए गए दोनों तस्कर भागलपुर के नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, कुर्सेला थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति कोशी ब्रिज की ओर मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। इस पुख्ता सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ कोशी ब्रिज के पास नाकाबंदी कर वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने पुलिस को देखकर तेजी से भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने उन्हें खदेड़ कर पकड़ लिया।

जब पकड़े गए व्यक्तियों की विधिवत तलाशी ली गई, तो उनके पास से 103 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की कुमार (25 वर्ष, पिता- पप्पू राय, निवासी- पकड़ा वार्ड नंबर 06, थाना- नवगछिया) और अखिलेश कुमार (25 वर्ष, पिता- कपिलदेव यादव, निवासी- धोबिनिया, थाना- नवगछिया) के रूप में हुई है।

कुर्सेला पुलिस ने बरामद स्मैक और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इन तस्करों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह