500 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, कार जब्त
कटिहार, 19 अप्रैल (हि. स.)। जिले के मनिहारी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 500 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार भी जब्त कर ली है।
थानाध्यक्ष मनिहारी को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल की ओर से एक कार में सवार दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। सूचना के सत्यापन के लिए थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ अम्बेडकर चौक पहुंचे। पुलिस को देखते ही कार सवार दोनों व्यक्ति तेजी से भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान मोहम्मद फरियाद आलम, उम्र 33 वर्ष, पिता अब्दुल रजाक, निवासी कुम्हारा थाना रौतारा और मुर्तजा अली, उम्र 33 वर्ष, पिता स्व. अब्दुल काहिर, निवासी सिमरिया थाना कोढ़ा, दोनों जिला कटिहार के रूप में हुई। विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से 500 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से एक कार भी बरामद की गई है। कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस नशा कारोबार के नेटवर्क को खंगाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

