home page

नाहन में कार से 11.85 ग्राम चिट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार

 | 
नाहन में कार से 11.85 ग्राम चिट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार


नाहन, 04 जुलाई (हि.स.)। सिरमौर पुलिस की डिटेक्शन सेल ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नाहन में एक बलेनो कार से 11.85 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 जुलाई को डिटेक्शन सेल की टीम नाहन क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि नाहन निवासी दो युवक बलेनो कार (एचपी-71-5999) में चिट्टे की खेप लेकर कालाआम्ब की ओर से नाहन आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर वाहन को रोक लिया।

तलाशी के दौरान कार चला रहे रमन लाल (32), निवासी गांव सुरला, तहसील नाहन, तथा उसके साथ बैठे विलक्षण सिंह (23), निवासी यशवंत विहार कॉलोनी, नाहन, के कब्जे से कुल 11.85 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नाहन थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सिरमौर एन.एस. नेगी ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की 'जीरो टॉलरेंस' नीति जारी रहेगी और मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर