home page

आगरमालवा में दो आरोपित गिरफ्तार, तीन लाख रुपये की स्मैक जब्त

 | 
आगरमालवा में दो आरोपित गिरफ्तार, तीन लाख रुपये की स्मैक जब्त


आगरमालवा, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुसनेर पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30.07 ग्राम स्मैक जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि सुसनेर थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक दरबारसिंह जादौन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम श्यामपुरा निवासी दो व्यक्ति हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-70-एमसी-1635 से स्मैक लेकर मोड़ी की ओर से सुसनेर आ रहे हैं। मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति के पास मादक पदार्थ होने और उसे बेचने की फिराक में होने की सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र पंचों को साथ लेकर वैधानिक प्रक्रिया पूरी की और संभावित मार्गों पर घेराबंदी की। इसके बाद मोड़ी चौराहे से आगे एमपीईबी ग्रिड के पीछे, मोड़ी रोड से परसुलिया की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर नाकाबंदी कर मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्तियों को रोक लिया।

पूछताछ में मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम देवीसिंह पिता इंदरसिंह सौंधिया (45) और पीछे बैठे व्यक्ति ने गोकुलसिंह पिता दानुसिंह सौंधिया (40) बताया। दोनों ग्राम श्यामपुरा, थाना सुसनेर, जिला आगरमालवा के निवासी हैं। तलाशी के दौरान गोकुलसिंह की पैंट की जेब में रखी पारदर्शी प्लास्टिक की थैली से मटमैले रंग का पाउडरनुमा पदार्थ मिला। प्रारंभिक परीक्षण एवं पहचान संबंधी कार्रवाई के बाद इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से वजन करने पर इसकी मात्रा 30.07 ग्राम पाई गई।

पुलिस ने तीन लाख रुपये कीमत की स्मैक को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये है, भी जब्त की गई है।

मामले में थाना सुसनेर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मादक पदार्थ की उपलब्धता, उसके स्रोत और मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों के संबंध में जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा