पांच लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक से गांव-गांव करता था सप्लाई
बांदा, 28 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन ईगल के तहत बिसंडा थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 47.1 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.5 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
थानाध्यक्ष बिसंडा चंद्र प्रकाश तिवारी के अनुसार, रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर पुलिस 27/28 अगस्त की देर रात क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध स्मैक लेकर बिलगांव-खुरहंड रोड की ओर जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर धर्मराज पुत्र बच्चा निवासी ग्राम सहेवा, थाना गिरवां, जनपद बांदा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 47.1 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने स्मैक और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि वह संजय नशीला नामक व्यक्ति से स्मैक खरीदता था और मोटरसाइकिल से गांव-गांव जाकर महंगे दामों पर बेचता था। पुलिस अब स्मैक की सप्लाई करने वाले व्यक्ति समेत नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बिसंडा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कार्रवाई की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

