home page

स्मैक की पैकिंग करते रंगेहाथ पकड़ा गया तस्कर, 15.61 ग्राम स्मैक बरामद

 | 
स्मैक की पैकिंग करते रंगेहाथ पकड़ा गया तस्कर, 15.61 ग्राम स्मैक बरामद


सीवान, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के दरौली थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 15.61 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को उसके घर की पहली मंजिल पर स्मैक की पुड़िया तैयार करते हुए रंगेहाथ दबोच लिया। बरामद स्मैक 92 पुड़ियों में पैक थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि दरौली थाना क्षेत्र के दरौली निवासी दुर्गेश गुप्ता अपने घर में अवैध रूप से स्मैक छिपाकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष अभिनव दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस जब घर की पहली मंजिल पर पहुंची तो दुर्गेश गुप्ता जमीन पर बैठकर सफेद कागज की पुड़ियों में स्मैक की पैकिंग कर रहा था। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 92 पुड़ियों में पैक कुल 15.61 ग्राम स्मैक, एक चाकू तथा एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहले से डोजियर खुला हुआ है तथा उसका दागी संख्या A/1108 अंकित है। उसके खिलाफ पूर्व में दरौली थाना में वर्ष 2024 में उत्पाद अधिनियम तथा वर्ष 2018 में लूट एवं चोरी से संबंधित कांड दर्ज हैं।

इस मामले में दरौली थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma