13.98 ग्राम स्मैक और 200 ग्राम गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
सुपौल, 02 जुलाई (हि.स.)। जिले के निर्मली थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 13.98 ग्राम स्मैक एवं 200 ग्राम गांजा के साथ दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।
इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 13.98 ग्राम स्मैक और 200 ग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थों को जब्त कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि तस्करों का संबंध किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं है और वे मादक पदार्थों की आपूर्ति कहां से कर रहे थे।
सुपौल पुलिस ने कहा है कि जिले में नशा एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

