दमोह में किन्नर समाज का प्रदर्शन: अपहरण, फिरौती और सांप्रदायिक तनाव के आरोपों पर त्वरित कार्रवाई की मांग
दमोह, 19 अप्रैल (हि.स.)।मध्य प्रदेश के दमोह जिले में किन्नर समाज से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आने के बाद रविवार को स्थिति गर्माती नजर आई। बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोग एकत्रित होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और सामूहिक रूप से शिकायत पत्र प्रस्तुत कर आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।
इसके साथ ही किन्नर समाज के प्रतिनिधि सिटी कोतवाली थाना दमोह भी पहुंचे, जहां अलग से आवेदन देकर मामले में एफआईआर दर्ज करने और त्वरित कार्रवाई करने की मांग की गई।
अपहरण और मारपीट के गंभीर आरोप
शिकायत के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे पिंकी किन्नर, बहरार किन्नर, इरशाद उर्फ शूटर और उनके अन्य साथियों द्वारा कथित रूप से खुशी किन्नर और उसके दो साथियों का बिलवारी मोहल्ला क्षेत्र से अपहरण कर लिया गया था। आरोप है कि उन्हें जबरन ले जाकर बंधक बनाकर रखा गया है और उनके साथ मारपीट की जा रही है।
फिरौती मांगने और धमकाने का आरोप
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपीगण द्वारा एक लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है और लंबे समय से दबाव बनाया जा रहा था। किन्नर समाज के लोगों का कहना है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देने के साथ-साथ शहर में सांप्रदायिक दंगा कराने तक की चेतावनी दी है।
धर्म के आधार पर माहौल बिगाड़ने की आशंका
किन्नर समाज ने गंभीर आरोप लगाते हुए यहाँ तक कहा कि इस पूरे मामले में धर्म के आधार पर भी माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थिति बिगड़ सकती है और कानून-व्यवस्था पर असर पड़ सकता है।
पहले रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप
आवेदिका ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह पहले सिटी कोतवाली थाना पहुंची, तो उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसी कारण किन्नर समाज को सामूहिक रूप से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज करानी पड़ी।
पुलिस का पक्ष
मामले में मनोज कुमार (थाना प्रभारी) ने बताया कि शिकायत पत्र प्राप्त कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा” और सभी तथ्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन अलर्ट, स्थिति पर नजर
घटना के बाद शहर में हलचल बढ़ गई है। किन्नर समाज के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

