home page

आगरमालवा: मंदिर में चप्पल चोरी, नायब तहसीलदार ने एसपी व टीआई को लिखा पत्र

 | 
आगरमालवा: मंदिर में चप्पल चोरी, नायब तहसीलदार ने एसपी व टीआई को लिखा पत्र


आगरमालवा, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्व सिद्धपीठ मां बगलामुखी मंदिर में चप्पल चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दर्शन के लिए पहुंचे एक शासकीय अधिकारी की चप्पल मंदिर परिसर से गायब हो गई। पूरे घटनाक्रम का खुलासा मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों से हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने रसीद काउंटर के पास निर्धारित स्थान पर अपनी चप्पल उतारी थी। करीब दस मिनट बाद लौटने पर उनकी चप्पल वहां नहीं मिली। इसके बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, जिसमें एक व्यक्ति चप्पल ले जाते हुए दिखाई दिया।

मंदिर प्रबंधन की सहायता से संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई और उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चप्पल ले जाने की बात स्वीकार कर ली। घटना की जानकारी फैलते ही मंदिर परिसर में कुछ समय के लिए भीड़ एकत्रित हो गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नायब तहसीलदार ने इस संबंध में जिले के पुलिस अधीक्षक और नलखेड़ा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि मंदिर परिसर में पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित होती है। उन्होंने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा