कार में गुप्त चैंबर बनाकर सोने की तस्करी, 465 ग्राम सोने के साथ दो गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। चार पहिया वाहन में गुप्त चैंबर बनाकर सोने की तस्करी की कोशिश को बागडोगरा पुलिस ने नाकाम कर दिया है। एयरपोर्ट मोड़ इलाके में एक कार को रविवार रात रोककर तलाशी लेने पर पुलिस ने 465 ग्राम सोना बरामद किया। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सावन कुमार और रमन कुमार के रूप में हुई है। दोनों बिहार के सहरसा के रहने वाले है।
आरोप है कि वे सिलीगुड़ी से सोना लेकर बिहार जाने की तैयारी में थे। इसके लिए कार में विशेष रूप से गुप्त चैंबर बनाया गया था, जिसमें सोने के बिस्कुट छिपाए गए थे।
पुलिस ने बरामद सोने से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद सोने का बाजार मूल्य करीब 70 लाख रुपये बताया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल चार पहिया वाहन को भी जब्त कर लिया है।
दोनों आरोपितों को सोमवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

