home page

उज्जैनः सोते पति का हथौड़े से कुचला सिर, पत्नी निकली कातिल

 | 
उज्जैनः सोते पति का हथौड़े से कुचला सिर, पत्नी निकली कातिल


पति की प्रताडऩा से तंग आकर पत्नी ने कर दी हत्या, पुलिस ने किया खुलासा

उज्जैन, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में पुलिस ने मंगलवार की रात सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने रोज-रोज की प्रताडऩाओं से तंग आकर सोमवार रात को सोते समय पति पर हथौड़े से वार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना ग्राम बेड़ावन के समीप की है।

उन्हेल थाना प्रभारी संतोष चौहान ने बताया कि ग्राम बेड़ावन में नाग महाराज मंदिर के पीछे रहने वाले 32 वर्षीय विक्रम पुत्र अशोक लोहार का शव मंगलवार सुबह उसके घर में से बरामद किया। घर के कमरे में बिस्तर पर विक्रम का खून से सना हुआ शव पड़ा हुआ था, जिसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे और काफी मात्रा में रक्तस्राव हुआ था। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर मृतक के पिता अशोक लोहार की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

अक्सर करता था मारपीट

जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह मृतक की पत्नी माधुरी उर्फ राधिका पर गया। महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि पति विक्रम अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और उसे प्रताडि़त करता था। सोमवार रात में भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इससे परेशान होकर उसने पति के सो जाने के बाद हथौड़े से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद वहीं कमरे में रही पत्नी

सुबह काफी देर तक विक्रम के कमरे से कोई हलचल नहीं हुई तो पिता अशोक लोहार उसे जगाने पहुंचे। दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने किसी तरह उसे खोला और अंदर पहुंचे। तो वहां का दृश्य देखकर घबरा गए। कमरे में खून से सना हुआ विक्रम का शव जमीन पर पड़ा था। वहीं उसकी पत्नी और बेटा कमरे में मौजूद थे। पुलिस के अनुसार वारदात के समय घर के दूसरे हिस्से में उसके पिता सो रहे थे। जानकारी मिलने पर युवक के पिता ने ही पुलिस को सूचना दी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल